सड़क दुर्घटनाएं आजकल आम बात हो चुकी है| आए दिन किसी ना किसी शहर से सड़क दुर्घटनाओं की खबर आती ही रहती है| भारत में प्रतिवर्ष 1.5 लाख लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं| यातायात नियमों का पालन ना करना एवम् शराब पीकर गाड़ी चलाना इनका मुख्य कारण है।
सड़क दुर्घटना की एक खबर नैनीताल से सामने आ रही है। जहां पर सड़क दुर्घटना में एक सेना के जवान की मृत्यु हो गई एवं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि मृतक जवान के दोस्त को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक जवान के दोस्त की हालत भी काफी नाजुक है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना नैनीताल के हल्द्वानी की है। जवान की पहचान भगवान रावल पुत्र नंदन रावल के रूप में हुई है। 27 वर्षीय भगवान रावल अल्मोड़ा जिले के सेराघाट का रहने वाला था।
भारतीय सेना का यह जवान वर्तमान में जम्मू कश्मीर में आरआर में तैनात था| गुरुवार को अपने दोस्त गौरव बोहरा के साथ वह हल्द्वानी घूमने जा रहा था। लमझाला से भुजियाघाट होते हुए हल्द्वानी जाना था। जैसे ही दोनों युवक बाइक से सवार होकर एचएमटी के पास पहुंचे तभी बाइक एक पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा इतना गंभीर था कि बाइक के टुकड़े टुकड़े हो गए और भगवान रावल ने मौके पर ही दम तोड दिया। जबकि मृतक का दोस्त गौरव बोहरा गंभीर रूप से घायल है जिसे नजदीकी अस्पताल कृष्ण में भर्ती कराया गया है।