आज से पांच साल पहले अतिक्रमण जमाए बैठे अराजक तत्वों को हटाने के दौरान एक हिंसक झड़प में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (नगर) मकुल द्विवेदी एवं फरह के थानाध्यक्ष संतोष यादव शहीद हो गए थे। लेकिन अब पांच साल बाद मथुरा-वृन्दावन नगर निगम ने दोनों शहीदों को सम्मान देने के लिए उनकी प्रतिमाएं लगाने का फैसला किया है। नगर निगम द्वारा यह प्रतिमाएं 105 एकड़ के जवाहर बाग के नाम से जाने जाने वाले नर्सरी फार्म पर लगाई जाएगी।
25 जून (शुक्रवार) को निगम कार्यकारिणी की बैठक संपन्न होने के बाद नगर आयुक्त अनुनय झा ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब 25 जून को निगम की कैबिनेट कमेटी की बैठक हुई तो उस दौरान दोनों शहीदों की प्रतिमाएं लगाने का फैसला लिया गया।
इस बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसंपत्ति से निर्णय लिया। दरअसल साल 2016 में अराजक तत्वों को हटाने के दौरान एक हिंसक झड़प में दो पुलिस अधिकारी शहीद हो गए थे। इनमें तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (नगर) मकुल द्विवेदी एवं फरह के थानाध्यक्ष संतोष यादव शामिल थे। बता दें, साल 2016 में हुए इस हिंसक झड़प में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे जबकि 27 अधिक्रमणकारी भी मारे गए थे।