राजस्थान में एक महिला का अपहरण कर उसके साथ 10 दिनों तक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला को बेहोश रखने के लिए 10 दिनों तक उसे हाई डोज ड्रग्स दिए। ताकि वह महिला के साथ बार बार दुष्कर्म कर सके। हाई डोज इंजेक्शन के कारण महिला की आंखों की रोशनी भी चली गई। आरोपी महिला को राजस्थान से देहरादून ले गया। वहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित महिला की मां की शिकायत पर पुलिस आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर उसे राजस्थान ले आई। पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी बेटी 18 जून को सब्जी और फल खरीदने बाजार गई हुई थी। उसे हल्का हल्का बुखार भी था। इसलिए वह बुखार चैक करवाने एक मेडिकल शॉप पर गई। मेडिकल शॉप के मालिक बद्रीदास वैष्णव ने उनकी बेटी को बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया। फिर वह पीड़िता को अपनी ब्रेजा कार में देहरादून ले गया।
आरोपी ने देहरादून में पीड़िता को 10 दिनों तक बंधक बनाया। उसने महिला के साथ रोज दुष्कर्म किया। महिला को होश ना आए इसलिए आरोपी उसे 10 दिनों तक हाई डोज इंजेक्शन देता रहा जिसके कारण महिला की आंखों की रोशनी भी चली गई। पीड़िता की मां ने बेबस होकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। एसपी कालूराम रावत ने तुरंत एक टीम का गठन किया और देहरादून के लिए रवाना हो गए। आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को पाली थाने लाया गया। मामले की जांच जारी है।






