
उत्तराखंड परिवहन निगम राज्य में यातायात सुविधाओं को और अधिक उन्नत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहा है। जिसमें उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपनी बस सेवाओं को Red Bus जैसे लोकप्रिय ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया है। इससे यात्री अब आसानी से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं और अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।
इस कदम से यात्रियों को कई फायदे होंगे, जैसे कि:
– ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा
– समय की बचत
– आसानी से सीट बुकिंग
– ऑनलाइन भुगतान की सुविधा
इसी के साथ , उत्तराखंड परिवहन निगम ने अपनी सेवाओं को और अधिक विस्तार देने और यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 100 नई बसों को अपने बेड़े में शामिल करने की योजना बनाई है। और, इन नई बसों में एक विशेष सुविधा होगी जिसमें उत्तराखंड की स्थानीय भाषाओं गढ़वाली और कुमाऊंनी में तीर्थ और पर्यटन स्थलों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। इससे न केवल यात्रियों को उत्तराखंड की संस्कृति के बारे में पता चलेगा बल्कि इतिहास के बारे में भी जानने का भी अवसर मिलेगा।
बता दे कि इस नए लक्ष्य का उद्देश्य यात्रियों को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता से जोड़ना है, जिससे वे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समझ सकें और उसका अनुभव कर सकें। यह प्रयास न केवल यात्रियों को जानकारी प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें राज्य की संस्कृति के साथ जुड़ने का अवसर भी देगा। वहीं उत्तराखंड परिवहन निगम की इस नई पहल से राज्य के विभिन्न वर्गों को लाभ मिलने की भी उम्मीद है, जिसमें छात्रों को आर्थिक राहत, तीर्थयात्रियों को सुविधा और पर्यटन क्षेत्र को प्रोत्साहन शामिल है।
बता दे कि पर्वतीय इलाकों के निवासियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। निगम पर्वतीय इलाकों से दिल्ली और अन्य महानगरों के लिए लंबी दूरी की बस सेवाओं को विस्तार देने की तैयारी कर रहा है। जिसमें नए बस डिपो की स्थापना से राज्य के प्रमुख तीर्थ स्थलों और सीमांत जिलों में यात्रियों को अधिक सुविधा और विकल्प मिलेंगे, जिससे पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।