Uttarakhand News: उधमसिंहनगर के काशीपुर से दहेज का मामला सामने आया है। दहेज में गाड़ी और पैसे न मिलने पर पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने पीड़ित महिला के साथ मारपीट की। दहेज न मिलने पर ननद और सास ने महिला के पति के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और घर से भी बाहर निकाल दिया। देश में दहेज विरोधी कानून बने हुए हैं लेकिन फिर भी बेटियों की तकलीफें कम होने का नाम नहीं ले रही है।
काशीपुर में जब पत्नी के मायके से दहेज में गाड़ी और 10 लाख रुपये नहीं मिले तो पति ने उसके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाये। महिला के ससुराल वालों ने उसे दहेज के लिये प्रताड़ित भी किया।पीड़ित महिला ने अब आरोपियों के खिलाफ आईटीआई थाना क्षेत्र में केस दर्ज कर लिया है।पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि 11 दिसंबर 2020 को उसके शादी हुई थी। शादी पास के क्षेत्र में ही रहने वाले एक युवक के साथ हुई थी।
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि शादी में ससुराल वालों को काफी दहेज दिया गया था। उसके बावजूद वे खुश नहीं थे। ससुरालियों ने महिला से और दहेज की मांग की। उन्होंने पीड़ित महिला से कहा कि वह और दहेज के रूप में महिंद्रा केयूवी-300 और दस लाख रुपये लाये। वे शादी के बाद से ही महिला को और दहेज लाने के लिये ताने मारते रहते थे।
अधिक दहेज न लाने पर ससुरालियों ने महिला को कई दिनों तक भूखा रखा। उसके साथ उन्होंने 30 जनवरी को काफी मारपीट भी की। महिला का पति उसे रक्षा मंत्रालय में अधिकारी होने की धमकी देता था। इसलिये उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। महिला ने ससुरालियों पर यह भी आरोप लगाया कि 7 फरवरी की सुबह 11 बजे के करीब पति, सास और ननद ने उसे लात घूसों से मारा। महिला के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की बल्कि उसे घर से भी बाहर निकाल दिया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है और पुलिस ने भी बिना देर किये मामले की जांच शुरू कर दी है।







