एसटीएफ उत्तराखंड ने चारधाम यात्रा में हेली बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के दो सदस्यों को बिहार के नालंदा से गिरफ्तार किया गया है।एसटीएफ को गिरोह के देशभर में फैले नेटवर्क के अहम सुराग भी मिले हैं। गिरोह ने पूरे भारतवर्ष में कई घटनाओं को अंजाम देकर लाखों रुपयों की साइबर ठगी की है। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी होने की संभावना है।
जांच के दौरान उत्तराखंड एसटीएफ की टीम थाना साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन नालंदा, बिहार के संपर्क में थी और I4C इंडियन क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर, गृह मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा भी हेली धोखाधड़ी से संबंधित कुछ साइबर अपराधियों का डेटा टीम को उपलब्ध कराया गया था. जिसमें टीम द्वारा नालंदा से एक अन्य साइबर आरोपी शिव कुमार पासवान उर्फ फुलटून निवासी नालंदा, बिहार को गिरफ्तार किया गया. जिसके खिलाफ मुकदमा नालंदा, बिहार में ही दर्ज किया गया. साथ ही पूछताछ के दौरान आरोपी ने उत्तराखंड में संचालित हेली सेवा में भी धोखाधड़ी किए जाने की बात कबूली. जिस संबंध में टीम ने आरोपी के खिलाफ बी-वारंट प्राप्त करने के लिए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.







