
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें संस्करण को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक कहानियों को साझा कर लोगों को जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों के माध्यम से समाज में उल्लेखनीय बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और बचाव के उपाय अपनाने का आह्वान किया। साथ ही देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने और आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
छात्राओं से किया संवाद
‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं से संवाद कर कार्यक्रम के संबंध में उनके विचार और फीडबैक प्राप्त किए।उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य रुचिकर गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। अच्छे कार्यों से न केवल स्वयं को सफलता मिलती है, बल्कि अन्य लोग भी प्रेरित होकर समाज में सकारात्मक वातावरण के निर्माण में योगदान देते हैं।




